ऊना/संतोषगढ़, 4 जनवरी:- श्री गुरु रविदास सभा संतोषगढ़ की ओर से स्थानीय ऐतिहासिक मंदिर परिसर में एक शोक सभा का आयोजन किया गया। शोक सभा में धर्मशाला डिग्री कॉलेज की 19 वर्षीय छात्रा पल्लवी की दुखद मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया और उनकी आत्मिक शांति के लिए प्रार्थना की गई।
सभा के दौरान पदाधिकारियों ने पल्लवी की मौत को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मामले में आरोपियों के खिलाफ शीघ्र और सख्त कार्रवाई की मांग की। सभा के प्रधान एडवोकेट कुलविंदर सिंह और बलराम महे ने कहा कि अनुसूचित जाति से संबंधित बेटी पल्लवी को कॉलेज में कथित रैगिंग और उत्पीड़न के बाद एक होनहार छात्रा को आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया। बेटी की जान जाना पूरे देश के लिए शर्मनाक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पल्लवी को लंबे समय तक शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और जातिगत आधार पर भी उसे परेशान किया गया, जिसे वह चुपचाप सहती रही। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज करने में देरी हुई, जो पीड़ित परिवार के साथ अन्याय है। पल्लवी के परिजनों ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं और एक वीडियो को भी महत्वपूर्ण साक्ष्य बताया जा रहा है।
सभा ने मांग की कि सभी दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए तथा मामले में एससी/एसटी एक्ट के तहत भी उचित धाराएं जोड़ी जाएं।
सभा के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय नहीं मिला तो गुरु रविदास सभा संतोषगढ़ अन्य दलित संगठनों के साथ मिलकर आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।
इस दौरान सभा के वरिष्ठ उपप्रधान कश्मीरी लाल सिंघा, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार, सभा पूर्व प्रधान बलवीर सिंह बबलू, रामपाल, राम कुमार बंगड़, काला, निक्का, सीता राम, तरसेम लाल, आशु महे, मनीष बंगड़, पंकु, ज्योति व महादेव आदि ने पल्लवी को श्रद्धांजलि दी।
श्री गुरु रविदास सभा संतोषगढ़ की ओर से स्थानीय ऐतिहासिक मंदिर परिसर में एक शोक सभा का आयोजन किया गया।
