हांसी:– एसडीएम एवं विधानसभा निर्वाचन अधिकारी राजेश खोथ ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत हांसी विधानसभा क्षेत्र में मतदाता गणना प्रपत्रों के वितरण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य लगातार तेज गति से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम 6 बजे तक प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार हांसी विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,02,464 मतदाताओं में से 1,96,564 मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचाए जा चुके हैं, जो 97.09 प्रतिशत है। वहीं अब तक 1,25,827 गणना प्रपत्रों का सफलतापूर्वक डिजिटाइजेशन किया जा चुका है, जो कुल मतदाताओं का 62.15 प्रतिशत है।
एसडीएम राजेश खोथ ने बताया कि शेष बचे हुए गणना प्रपत्रों का वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचकर निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत कार्य पूरा करें। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा कार्य में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक से अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज हो सके। इसके लिए प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है।
एसडीएम ने सभी मतदाताओं से भी अपील की कि यदि किसी मतदाता तक अभी तक गणना प्रपत्र नहीं पहुंचा है अथवा किसी प्रकार की जानकारी शेष है तो वे अपने संबंधित बीएलओ से तुरंत संपर्क करें और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर अभियान में सहयोग करें। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन, बीएलओ तथा आमजन के सहयोग से निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा।