हरोली/ऊना, 16 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा): हरोली विधानसभा क्षेत्र के थाना टाहलीवाल के अंतर्गत आने वाले गांव दुलेहड़ में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 27 वर्षीय युवक ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतक की पहचान बलविंदर सिंह पुत्र जसबिंदर सिंह निवासी गांव व डाकघर दुलेहड़, तहसील हरोली के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बलविंदर सिंह ने अपने कमरे में पंखे से चादर का फंदा बनाकर यह कदम उठाया। घटना का पता उस समय चला जब परिजनों ने उसे कमरे में फंदे से लटका हुआ देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक के परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि बलविंदर सिंह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से जूझ रहा था और अक्सर परेशान रहता था। परिजनों का कहना है कि इसी तनाव के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
सूचना मिलते ही थाना टाहलीवाल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
