कौशांबी/उत्तर प्रदेश:- कौशांबी जिले के पिपरी थाना क्षेत्र में एक पटाखा फैक्ट्री में सोमवार दोपहर जोरदार धमाका हो जाने से 11 लोगों की मौत हो गई। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने यह जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस घटना में गंभीर रूप से घायल पांच लोगों का प्रयागराज के एस.आर.एन. अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि बचाव अभियान अभी भी जारी है और इस अभियान के दौरान बचाए गए सभी घायलों का तत्काल इलाज कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि चूंकि बचाव अभियान जारी है, ऐसे में मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है। अधिकारियों का कहना है कि इस घटना में 18 से अधिक लोगों के घायल होने का अनुमान है।
विस्फोट की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल के पास से गुजर रही दिल्ली-हावड़ा लाइन पर ट्रेनों का संचालन एक घंटे के लिए रोक दिया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए कौशांबी के जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल, पुलिस अधिकारी सत्यनारायण प्रजापति और प्रयागराज क्षेत्र के डीआईजी अजय मिश्रा मौके पर पहुंचे। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, फायर विभाग की गाड़ियां और अन्य संबंधित विभागों के कर्मचारी राहत-बचाव कार्य में जुटे हैं।
घटनास्थल के पास पहुंची अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस को मनौरी रेलवे स्टेशन पर वापस भेज दिया गया। दिल्ली से बनारस जा रही वंदे भारत ट्रेन को एक स्टेशन पीछे सैयद सरावां रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया था। इसके साथ ही एक घंटे तक रेलवे यातायात भी प्रभावित रहा।
इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और मृतकों के परिवारों तथा घायलों के लिए सहायता का भी ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा, "इस दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50,000-50,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के भी निर्देश दिए गए हैं।"
पटाखा फैक्ट्री में धमाके से 11 की मौत 18 घायल विभिन्न विभागों के कर्मचारी राहतबचाव कार्य में जुटे
