गंगटोक, 25 अप्रैल - हिमालयी राज्य में भारी बारिश के दौरान भूस्खलन के कारण उत्तरी सिक्किम में लगभग 1,000 पर्यटक फंस गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को चुंगथांग में करीब 200 पर्यटक वाहन फंसे हुए हैं और यात्री वहां एक गुरुद्वारे में ठहरे हुए हैं। चुंगथांग राज्य की राजधानी गंगटोक से लगभग 100 किमी दूर है।
पुलिस ने बताया कि लाचेन-चुंगथांग मार्ग पर मुंशीथांग और लाचुंग-चुंगथांग मार्ग पर लेमा/बॉब में बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुआ है तथा क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण स्थिति और खराब हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन ने सभी टूर ऑपरेटरों को शुक्रवार को और अगली सूचना तक पर्यटकों को उत्तरी सिक्किम नहीं भेजने का निर्देश दिया है। प्राधिकारियों ने 25 अप्रैल को क्षेत्र में प्रवेश के लिए पर्यटकों को जारी किए गए सभी परमिट रद्द कर दिए हैं।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, लाचुंग और लाचेन जाने वाली सड़कें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं, जिससे करीब 1,000 पर्यटक फंस गए हैं। लाचुंग और लाचेन हिल स्टेशन हैं, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता और गुरुडोंगमार झील और युमथांग घाटी जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों की निकटता के लिए जाने जाते हैं।