करनाल में बाजार के बीच युवक की गोली मारकर हत्या हमलावर फरार

करनाल, 6 अगस्त- हरियाणा के करनाल में बुधवार रात बाजार क्षेत्र में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक अपनी एक्टिवा पर बहन के घर जा रहा था, तभी बाइक सवार दो हमलावरों ने उसका पीछा कर वारदात को अंजाम दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान सदर बाजार निवासी बीरू (28) के रूप में हुई है। 
जानकारी के अनुसार वह रात के समय भगवडिया गैस एजेंसी के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान बाइक पर आए दो बदमाश उसके नजदीक पहुंचे और सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने बीरू को पहले करनाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। वहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अमृतधारा अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं। घटनास्थल से गोली का एक खोल बरामद किया गया है और इलाके को सील कर जांच की गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिजनों ने पुलिस को कुछ संदिग्ध लोगों के नाम भी दिए हैं और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।  देर रात तक परिजन और समाज के लोग अस्पताल के बाहर एकत्र रहे तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दो अज्ञात बाइक सवार हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।