तेजधार हथियारों से युवक की हत्या अगवा करने के बाद सड़क किनारे फेंका शव
गढ़शंकर:- बीत क्षेत्र के गांव भवानीपुर के 27 वर्षीय युवक मनजीत सिंह उर्फ गनी पुत्र दिलबाग सिंह की तेजधार हथियारों से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे मनजीत सिंह अपने दोस्त सूरज (निवासी अचलपुर) के साथ एक पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान सफेद रंग की स्कॉर्पियो (नंबर PB-65-AG-9400) में सवार करीब आधा दर्जन हथियारबंद युवक वहां पहुंचे और मनजीत को जबरन गाड़ी में बैठाकर झुंगियां अड्डे की ओर ले गए।
करीब दो घंटे बाद आरोपी मनजीत को गंभीर रूप से घायल अवस्था में अड्डा झुंगियां के पास बीणेवाल मुख्य सड़क पर फेंककर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही उसे तुरंत सिविल अस्पताल गढ़शंकर ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
डॉक्टरों के अनुसार, मृतक के सिर के बाईं ओर कान के पास तेजधार हथियार से वार का गहरा निशान मिला है, जबकि दोनों पैरों पर भी चोटों के निशान पाए गए हैं। गोली लगने की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। यह भी जानकारी सामने आई है कि मृतक मनजीत सिंह कुछ महीने पहले मारपीट के एक मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
