अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योगाभ्यास कार्यक्रम आज
करनाल, 9 जून: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में 10 जून को कल्पना चावला राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय परिसर में सुबह 7 बजे से 8 बजे तक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन आयुष विभाग हरियाणा, हरियाणा योग आयोग तथा कल्पना चावला राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम में हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए एसडीएम देवेंद्र शर्मा ने मंगलवार को आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, साउंड सिस्टम तथा सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एक महत्वपूर्ण एवं गरिमामय आयोजन है। कार्यक्रम में आने वाले नागरिकों, योग साधकों और अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।निरीक्षण के दौरान जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. सतपाल, डिप्टी सीईओ रोजी तथा मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
