महाविद्यालय में मेंटल हेल्थ विषय पर कार्यशाला का आयोजन
रतिया, 3 फ़रवरी:- खालसा त्रिशताब्दी राजकीय महाविद्यालय रतिया में “मेंटल हेल्थ” विषय पर एक कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला की अध्यक्षता महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ वीरेंद्र कुमार ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस कार्यशाला के आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जीवनशैली, सफलता, शांति और व्यक्तिगत विकास जैसे विषयों पर सार्थक विमर्श करना था।
इस कार्यशाला के संयोजक डॉ. अजीत कुमार रहे, उन्होंने सुव्यवस्थित रूप से कार्यशाला का संचालन किया । कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. सुरेंद्र तथा प्रो. कपिल देव उपस्थित रहे।
प्रो. सुरेंद्र ने अपने वक्तव्य में मानसिक स्वास्थ्य को जीवन की आधारशिला बताते हुए कहा कि संतुलित जीवनशैली, सकारात्मक सोच और आत्मानुशासन मानसिक शांति का मूल आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन, समय प्रबंधन और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के लिए प्रेरित किया।
प्रो. कपिल देव ने सफलता और आंतरिक शांति के बीच के संबंध को स्पष्ट करते हुए बताया कि केवल भौतिक उपलब्धियाँ ही जीवन में संतोष नहीं देतीं, बल्कि मानसिक संतुलन और आत्मविकास भी उतने ही आवश्यक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि निरंतर आत्ममूल्यांकन और सकारात्मक दृष्टिकोण व्यक्ति को विकास की ओर अग्रसर करते हैं।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता दिखाई। कार्यक्रम के अंत में एक सर्वे (Survey) भी आयोजित किया गया, जिसके माध्यम से प्रतिभागियों की मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता, विचारों और अनुभवों को समझने का प्रयास किया गया।
यह कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुई, जिससे उन्हें मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझने और अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा मिली।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर विद्यार्थियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा भविष्य में भी इस प्रकार की जागरूकता गतिविधियों में भाग लेने की इच्छा व्यक्त की। इस अवसर पर विद्यार्थियों के साथ प्रो. प्रदीप सिंह, प्रो. कीर्ति व अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।
