यमुना तटबंधों पर स्टड लगाने का कार्य जल्द किया जाए पूरा डीसी
करनाल, 6 जून:- डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने शनिवार को मानसून सीजन के दौरान बाढ़ और जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए यमुना तटबंध क्षेत्रों व ड्रेन का निरीक्षण कर प्रबंधों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गांव दिलावरा, कुुंडाकलां, शेरगढ़ टापू और मैन मती ड्रेन का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून सीजन के मद्देनजर सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यमुना के साथ लगते गांवों और कृषि भूमि को कटाव व बाढ़ से बचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि तटबंधों को मजबूत करने के लिए जहां भी स्टड लगाने का कार्य चल रहा है या प्रस्तावित है, उसे जल्द से जल्द पूरा किया जाए। कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने अधिकारियों को सभी संवेदनशील पॉइंट्स पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए ड्रेनेज सिस्टम को पूरी तरह दुरुस्त रखने के आदेश दिए। इस अवसर पर एसडीएम देवेंद्र शर्मा, सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता संजय, कार्यकारी अभियंता मनोज सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
