महिलाओं ने हाथों में रचाई श्री श्याम नाम की मेहंदी

हांसी:– 54वें श्री श्याम महोत्सव के उपलक्ष्य में सोमवार को श्री श्याम मंदिर हांसी के परिसर में हजारों श्रद्धालु महिलाओं ने श्याम बाबा के नाम की मेहंदी लगवाई। श्याम नाम की मेहंदी कार्यक्रम की अध्यक्षता विनय जैन व गौरव जैन की माता जी सुनीता जैन धर्मपत्नी कुलदीप जैन ने की। सुनीता जैन ने अपने परिवार के साथ प्रोग्राम में हिस्सा लिया। 
श्री श्याम मित्र मंडल के प्रधान जगदीश मित्तल ने बताया कि श्री श्याम महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में बहुत उत्साह है और सोमवार को सैकड़ों श्रद्धालु महिलाओं ने मेहंदी एक्सपर्ट अभिमन्यु व उनकी टीम के सदस्यों से अपने हाथों पर श्याम बाबा के नाम की मेहंदी लगवा कर बाबा का गुणगान किया। उन्होंने बताया कि श्री श्याम मंदिर ट्रस्ट व श्री श्याम मित्र मंडल द्वारा शहर को रंग-बिरंगी लाइटों व तोरण द्वार को भी लाइटों से सजाया गया है।
 प्रधान मित्तल ने बताया कि 14 जून को अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित करने के साथ ही 54वें श्री श्याम महोत्सव का शुभारंभ हो गया था. जगदीश मित्तल ने बताया कि कल मगलवार को सुबह भव्य कलश यात्रा  व 17 जून को निशान यात्रा निकाली जाएगी। 18 जून को शहर में भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा निकलेगी। यात्रा में इस्कॉन बहादुरगढ़, रोहतक और हिसार के भक्त हरिराम नगर संकीर्तन करेंगे। 19  जून को श्री श्याम रथ सवारी निकलेगी। 
रथ सवारी के दौरान मंदिर प्रांगण से तोरणद्वार तक भव्य इलेक्ट्रिक आतिशबाजी की जाएगी और 20 जून को पीसीएसडी स्कूल के प्रांगण में विशाल श्री श्याम जागरण का आयोजन किया जाएगा। जागरण में कलकत्ता से सौरभ शर्मा, जयपुरसे रजनी राजस्थानी व अभिषेक नामा और दिल्ली से श्रेष्ठ दीक्षित बाबा का गुणगान करेंगे। वहीं 21 जून को आयोजित एक शाम सांवरे के नाम में सुश्री निकुंज कामरा भक्तों को अपने गीतों से सराबोर करेंगी।