घर के बाहर बैठी महिला को संदिग्ध हालत में लगी गोली

अंबाला, 18 अगस्त:- अंबाला शहर के काजीवाड़ा इलाके में सोमवार देर रात अपने घर के बाहर बैठी 62 साल की महिला को संदिग्ध हालात में गोली लग गई। गोली उसकी टांग को छू कर निकल गई। इस हादसे में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई और उसे इलाज के लिए तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच कर बताया कि गोली महिला की जांघ में लगी है। डॉक्टरों ने उसे प्रारंभिक सहायता दी और इस मामले के बारे में पुलिस को सूचित किया।
प्रारंभिक पूछताछ के दौरान 62 साल की पीड़ित संतोष ने पुलिस को बताया कि वह बीती रात सवा 9 बजे के करीब अपने घर के बाहर बैठी थी जब उसे टांग में अचानक तेज पीड़ा महसूस हुई। उसने देखा कि टांग पर चोट लगी हुई थी। उसे उस समय इस बात का एहसास नहीं था कि उसे गोली लगी है। उसे कोई पता नहीं कि गोली किस दिशा से आई या किसने चलाई है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी। सदर थाना इंचार्ज सुनीता ढाका ने कहा कि पुलिस गोलीबारी की दिशा निर्धारित करने और संदिग्धों की पहचान करने के लिए आसपास के इलाकों से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
 फुटेज के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गोली किस दिशा से आई और उस समय आसपास कोई शक्की वाहन या व्यक्ति तो नहीं था। उसने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और सच्चाई जल्दी सामने आ जाएगी।