जहां 40 दिन का दीपक बदल देता है किस्मत करनाल का चमत्कारी शिव मंदिर

करनाल, 7 मार्च:- हरियाणा के करनाल में स्थित सनातन धर्म शिव मंदिर अपनी अनोखी बनावट और धार्मिक आस्था के कारण श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। करीब 115 फुट ऊंचा यह मंदिर मात्र 17 फुट के आधार पर खड़ा है, जो उत्तर भारत में अपनी तरह का अनोखा मंदिर माना जाता है। ऐतिहासिक मंजी साहिब गुरुद्वारा के पास स्थित यह मंदिर धार्मिक सद्भाव और आस्था की मिसाल भी पेश करता है।
सनातन धर्म शिव मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रमेश जिंदल ने बताया कि मंदिर का निर्माण वर्ष 1976 में किया गया था। निर्माण के दौरान कई तरह की बाधाएं आईं, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था और सहयोग से मंदिर का निर्माण पूरा हुआ। आज यह मंदिर लोगों की गहरी आस्था का केंद्र बन चुका है।
मंदिर में भगवान महाकाल की भव्य प्रतिमा स्थापित है, जिसके ललाट पर तीसरी आंख विराजमान है। मान्यता है कि जो श्रद्धालु यहां लगातार 40 दिन तक दीया जलाता है, उसकी मनोकामना पूरी होती है। मंदिर में अखंड ज्योति भी निरंतर प्रज्वलित रहती है।
गौरव गर्ग ने बताया कि इस मंदिर से कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों की आस्था भी जुड़ी हुई है। पूर्व सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने अपने निजी कोष से भगवान महाकाल की प्रतिमा पर डायमंड की तीसरी आंख लगवाई थी। वहीं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी इस मंदिर में आस्था रखते हैं और उन्हें यहां से जीत का आशीर्वाद मिला था। 
मंदिर के पुजारी लक्ष्मण पांडे के अनुसार मंदिर की 15 मंजिलों में विभिन्न देवी-देवताओं के दरबार स्थापित हैं। सबसे ऊपर मां शेरांवाली का दरबार और भगवान श्रीराम का दरबार बनाया गया है। मंदिर की भव्यता और इसकी अनोखी संरचना को देखने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। मात्र 17 फुट के आधार पर खड़ा 115 फुट ऊंचा यह मंदिर करनाल की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का एक महत्वपूर्ण प्रतीक बन चुका है।