ग्राम पंचायत खैरपुर में जल अर्पण दिवस एवं जल महोत्सव कार्यक्रम आयोजित
रतिया, 12मार्च- उपमंडल रतिया के गांव खैरपुर में जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार जल जीवन मिशन के अंतर्गत जन स्वास्थ्य अभियान्त्रिक विभाग व जल स्वच्छता सहायक संगठन द्वारा खंड नागपुर जिला फतेहाबाद की ग्राम पंचायत खैरपुर में जल अर्पण दिवस एवं जल महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्राम जल एवं सीवरेज समिति सदस्य, महिला पंच, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा वर्कर तथा सम्मानित पंचायती राज सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बीआरसी पृथ्वीपाल द्वारा जल महोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम पंचायत सरपंच को जल कलश भेंट कर की गई ।
खंड संयोजक कुलदीप सिंह, मदन सैनी, अमित कुमार, राकेश कुमार, शमशेर सिंह, रजनी,ने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों एवं पंचायत के गणमान्य व्यक्तियों को अपने संबोधन में कहा कि जल प्रबंधन में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहती हैं इसलिये सरकार द्वारा पानी की कमान ग्रामीणों के हाथों में देने का निर्णय एक सराहनीय पहल है और अब ग्रामीण जल समिति ही जलापूर्ति का कार्य करेगी जिससे शुद्ध व उचित मात्रा में ग्रामीणों को पानी मिल सकेगा।
इस अवसर पर सरपंच ने कहा कि हम सभी की ज़िम्मेदारी बनती हैं कि पानी की एक-एक बूँद बेकार नहीं जानी चाहिए ये भगवान का दिया हुआ परसाद हैं जिसे बचाना हम सब का कर्तव्य बनता है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जल आपूर्ति का कार्य पंचायतों को सौपना एक सराहनीय पहल है मुझे विश्वास है कि पंचायतों द्वारा इस जिम्मेदारी को ईमानदारी से निभाया जाएगा जिस से सभी ग्रामीणों को स्वच्छ व शुद्ध जल उचित मात्रा में मिल सकेगा।
सर्वप्रथम पृथ्वी पाल, कुलदीप सिंह, अमित कुमार,खंड संसाधन सयोजक ने जल अर्पण के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जल अर्पण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण पेयजल योजनाओं की जिम्मेदारी औपचारिक रूप से ग्राम पंचायत और ग्राम जल एवं सीवरेज समिति को सौपना है , यह कदम जल जीवन मिशन के तहत बने बुनियादी ढांचे की दीर्घकालिक रखरखाव एवं जलापूर्ति को सुनिश्चित करेगा । बीआरसी मदन सैनी, राकेश कुमार शमशेर सिंह ने बताया कि सरकार का लक्ष्य जल आपूर्ति को केवल सरकारी योजना तक सीमित न रखकर इसे एक सामुदायिक जिम्मेदारी बनाना है।
विशेषज्ञों का मानना है कि जब ग्रामीण अपनी सुविधानुसार अपनी जल प्रणाली का प्रबंध करेंगे तभी सुजल ग्राम और विकसित भारत का सपना साकार हो सकेगा संसाधनों के प्रति जागरूक करने के लिए जल सारथी ऐप जैसे डिजिटल पहलुओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। बीआरसी मदन सैनी , रजनी ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार का ध्यान अब बुनियादी ढांचे के निर्माण से हटकर जिला पूर्ति योजनाओं के दीर्घकालिक संचालन व रख-रखाव पर केंद्रित है और भविष्य की ज़रूरतों के अनुसार योजनाओं पर रहेगा।
यह उत्सव 22 मार्च विश्व जल दिवस तक जारी रहेगा जिसके दौरान जिले में अन्य विभागों के नेतृत्व में जल गुणवत्ता परीक्षण और जल संचयन के प्रति जागरूक अभियान चलाए जाएंगे जल अर्पण दिवस सिर्फ एक उत्सव नहीं है बल्कि जल सुरक्षा के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है हम हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने और जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
अंत में सभी उपस्थित ग्रामीणों द्वारा ट्यूबवैल ऑपरेटर ओर सरपंच के द्वारा जल संरक्षण अर्पण की रस्म सम्पन्न की गई । इस कार्यक्रम में खंड संयोजक मदन सैनी, कुलदीप सिंह, अमित कुमार, शमशेर सिंह, राकेश कुमार, रजनी, पृथ्वी पाल मौजूद रहे
