विश्व पंजाबी प्रचार सभा चंडीगढ़ द्वारा चन्न गुराया वाला को श्रद्धांजलि
चंडीगढ़:- आज विश्व पंजाबी प्रचार सभा चंडीगढ़ के सेक्टर-41 स्थित कार्यालय में संस्था के पदाधिकारियों की एक विशेष बैठक प्रसिद्ध साहित्यकार और पंजाब सरकार के पूर्व उप-सचिव श्री राज कुमार साहोवालिया की अध्यक्षता में हुई। इसमें पंजाबी मातृभाषा के अग्रणी गीतकार श्री भुल्ला राम उर्फ चन्न गुराया वाला के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया और सभी सदस्यों द्वारा दो मिनट का मौन धारण कर इस महान व्यक्तित्व को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
उनकी गीतकारी की बहुमूल्य सेवा को ध्यान में रखते हुए जहां सभी सदस्यों द्वारा दुख व्यक्त किया गया, वहीं इस अवसर पर बोलते हुए संस्था के अध्यक्ष प्रिं. बहादुर सिंह गोसल ने बताया कि चन्न गुराया वाला की अचानक मृत्यु के कारण पंजाबी साहित्य और विशेष रूप से गीतकारी को एक बड़ा झटका लगा है, जिससे सभी पंजाबी प्रेमियों के मन में शोक की लहर है।
यहाँ यह भी उल्लेखनीय है कि उनके द्वारा लिखे गए अधिकांश गीत लोकगीत बनकर लोगों की जुबान पर हैं जैसे कि "असी पेंडू नहीं दिलां दे माड़े, नी चंडीगढ़ रहण वालीए," और "दे दे पासपोर्ट मेरा, वे मैं चल्ली आं वलायत नूं".........आदि।
इसके अलावा उनके द्वारा पंजाबी विरासत को दर्शाती बनाई गई पंजाबी फिल्म "बलबीरो भाभी" भी उनके जीवन की एक विशेष उपलब्धि रही है। इस अवसर पर उपस्थित व्यक्तियों में अवतार सिंह महतपुरी, बलविंदर सिंह, कृष्ण राही, प्यारा सिंह राही, बलजिंदर शेरगिल, अमरजीत सिंह बठलाणा और अन्य भी उपस्थित थे।
