वेटरनरी विश्वविद्यालय ने पशुधन क्षेत्र में नवीन पहलों के लिए इनक्यूबेशन स्पेस लॉन्च किया

लुधियाना 25 मार्च 2025- गुरु अंगद देव वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी, लुधियाना ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज करते हुए पशुधन क्षेत्र में नवीन पहलों के लिए एक इनक्यूबेशन स्पेस का उद्घाटन किया। यह स्थान वेटरनरी लाइवस्टॉक इनोवेशन एंड इनक्यूबेशन फाउंडेशन, जो कि एक सेक्शन 8 कंपनी है, के तहत शुरू किया गया है। इसका औपचारिक उद्घाटन डॉ जतिंदर पाल सिंह गिल, वाइस चांसलर ने किया, जिसमें डॉ. परवीन राय  विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने भी ऑनलाइन माध्यम से भाग लिया।
  इस केंद्र के बारे में जानकारी देते हुए डॉ गिल ने बताया कि यह सुविधा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के वित्त पोषण कार्यक्रम के माध्यम से प्राप्त हुई है। इस केंद्र के माध्यम से डेयरी क्षेत्र में नवीन उद्यमों के विकास के लिए अनुसंधान किया जाएगा तथा एक सहायक वातावरण तैयार किया जाएगा, जिसके तहत नए व्यवसायों की स्थापना की जा सकेगी। इस उद्देश्य के लिए नये उद्यमियों को प्रोत्साहित करने हेतु मूल अनुदान के रूप में 10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाएगी। इच्छुक स्टार्टअप केंद्र की वेबसाइट के माध्यम से अपना नाम पंजीकृत करा सकते हैं।
डॉ राम सरन सेठी, अतिरिक्त निदेशक अनुसंधान एवं इस परियोजना के  मुख्य निरीक्षक  ने विभाग की इस पहल के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस केंद्र में पहले से ही 11 उद्यमी पंजीकृत हैं जो डेयरी क्षेत्र में नए प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यहां उन्हें उपयुक्त वातावरण मिलेगा, जिससे वे नवोन्मेषी तरीके से अपना कारोबार स्थापित कर सकेंगे।
इस उद्घाटन समारोह में डॉ. सीएस यादव, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग अधिकारी  सहित विश्वविद्यालय के डीन एवं निदेशक भी इसमें शामिल हुए।