अमेरिका ईरान के बीच मिसाइल हमले तेज संघर्ष बढ़ने का खतरा

काहिरा:- अमेरिका और ईरान के बीच गुरुवार को एक-दूसरे के ठिकानों पर मिसाइल दागने का सिलसिला फिर से शुरू होने के साथ किसी भी तरह के जल्द समाधान की संभावना कमजोर पड़ गई है। जॉर्डन ने कहा कि उसने लगातार दूसरे दिन भी ईरानी मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया। वहीं, कुवैत ने बताया कि देश के उत्तरी हिस्से में हुए हमले के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई।
इस सप्ताह की शुरुआत में मिस्र के एक बंदरगाह पर ड्रोन हमलों के कारण जहाजों में आग लग गई थी। इसके अलावा, सऊदी अरब ने कहा कि उसे इराक में ईरान समर्थक लड़ाकों की ओर से हमले का सामना करना पड़ा।
कुवैत की सेना ने गुरुवार को कहा कि ईरान के हमले में चीनी कंपनी की इमारत को निशाना बनाया गया, जिसमें एक कर्मचारी की मौत हो गई। सेना ने कहा कि हमले में उत्तरी कुवैत स्थित इमारत को गंभीर नुकसान पहुंचा है। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब जॉर्डन की हवाई रक्षा प्रणाली ने ईरान की ओर से दागी गई पांच मिसाइलों को मार गिराया। इससे पहले, अमेरिकी सेना ने कहा कि उसने ईरान के खिलाफ "बड़े हवाई हमलों" की सैन्य कार्रवाई पूरी कर ली है।
'यूएस सेंट्रल कमांड' ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि दो घंटे से अधिक समय तक चले अभियान के दौरान अमेरिकी सेना ने ईरान के 'रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स' के 12 से अधिक ठिकानों को निशाना बनाया। इनमें सैन्य कमांड सेंटर, मिसाइल और ड्रोन ठिकाने आदि शामिल थे। ये हमले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के कुछ घंटे बाद किए गए, जिसमें उन्होंने जॉर्डन स्थित अमेरिकी सैनिकों वाले एक सैन्य अड्डे को निशाना बनाए जाने के बाद ईरान पर "बहुत सख्त हमला" करने की धमकी दी थी।
वहीं, ईरान के सरकारी मीडिया ने कहा कि होरमुज़ जलमार्ग में स्थित केश्म द्वीप पर हुए हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए।
अमेरिका और सऊदी अरब द्वारा बुधवार को इराक में ईरान समर्थक लड़ाकों के ठिकानों पर संयुक्त हवाई हमले किए जाने के बाद यह नया मिसाइल हमला हुआ है। इन हमलों में कम से कम 20 लड़ाके और ईरान के छह सैन्य सलाहकार मारे गए। एक अधिकारी ने बताया कि मध्यस्थ "अब भी दोनों पक्षों के संपर्क में हैं" ताकि तनाव कम किया जा सके और युद्धविराम को फिर से पटरी पर लाया जा सके। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि इस दिशा में कोई बातचीत आगे बढ़ी है या नहीं।