विशेष सफाई अभियान के तहत नगर परिषद ने पांच वार्डों में चलाया व्यापक स्वच्छता अभियान
हांसी:- शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने की दिशा में नगर परिषद द्वारा विशेष सफाई अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार को नगर परिषद की ओर से वार्ड नंबर 1, 5, 16, 19 एवं 24 में व्यापक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। यह अभियान एडीसी एवं जिला नगर आयुक्त लक्षित सरीन के मार्गदर्शन में संचालित किया गया, जिसमें नगर परिषद के अधिकारियों, सफाई निरीक्षकों तथा सफाई कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
अभियान के दौरान वार्डों की मुख्य सड़कों, गलियों, सार्वजनिक स्थलों, पार्कों तथा नालियों की विशेष रूप से सफाई करवाई गई। नालियों में जमा गाद और कचरे को निकालकर उसका तुरंत उठान सुनिश्चित किया गया ताकि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। इसके साथ ही सड़कों के किनारे पड़े कूड़े-कचरे को हटाकर पूरे क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया।
एडीसी एवं डीएमसी लक्षित सरीन ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य केवल सफाई करना ही नहीं, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक वार्ड में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा कहीं भी कूड़े के ढेर दिखाई देने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर के निर्माण में नागरिकों की भागीदारी भी अत्यंत आवश्यक है और प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने में सहयोग देना चाहिए।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे घरों का कूड़ा निर्धारित समय पर नगर परिषद के कचरा संग्रहण वाहनों को ही दें तथा खुले स्थानों, नालियों या सड़कों पर कचरा न फेंकें। गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की आदत अपनाकर भी शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
डीएमसी लक्षित सरीन ने बताया कि विशेष सफाई अभियान आगामी दिनों में भी अन्य वार्डों में जारी रहेगा। अभियान के माध्यम से प्रत्येक वार्ड में सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाएगी और आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे। नगर परिषद का लक्ष्य शहर के प्रत्येक वार्ड को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाना है ताकि नागरिकों को बेहतर एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
नगर परिषद ने शहरवासियों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन और आमजन के संयुक्त प्रयासों से ही स्वच्छ एवं विकसित हांसी का सपना साकार किया जा सकता है।
