तीन जिलों में निपाह के दो संदिग्ध मामलों ने चिंता बढ़ाई, अलर्ट जारी

तिरुवनंतपुरम, 4 जुलाई - केरल के स्वास्थ्य अधिकारियों ने शुक्रवार को तीन उत्तरी जिलों में अलर्ट जारी किया। यहां दो लोगों में निपाह वायरस के संक्रमण के संभावित लक्षण पाए गए हैं। जिसके बाद राज्य में महामारी के फिर से फैलने की आशंका पैदा हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि कोझीकोड, मलप्पुरम और पलक्कड़ जिलों में स्वास्थ्य अलर्ट जारी कर दिया गया है।
मलप्पुरम और पलक्कड़ जिलों के संदिग्ध मामलों का पता कोझीकोड और मलप्पुरम के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में नियमित जांच के दौरान चला। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि पुष्टि के लिए नमूने पुणे स्थित राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान भेजे गए हैं। स्थिति की समीक्षा के लिए एक आपात बैठक की अध्यक्षता करने के बाद स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने कहा, "हमने निपाह प्रोटोकॉल के अनुसार निवारक उपायों को पहले ही मजबूत कर दिया है।"
मंत्री ने कहा कि पुलिस को मरीजों के संपर्क में आए लोगों की पहचान करने में मदद करने के लिए कहा गया है। जिला कलेक्टरों को कंटेनमेंट जोन तैयार करने के लिए कहा गया है और जागरूकता बढ़ाने के लिए सार्वजनिक घोषणाएं की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्राधिकारियों से यह भी जांच करने को कहा गया है कि क्या हाल के सप्ताहों में कोई अप्राकृतिक या अस्पष्टीकृत मौतें हुई हैं - जो संभावित महामारी के प्रमुख चेतावनी संकेतों में से एक है।