स्नैचिंग की वारदात में शामिल दो अन्य आरोपी गिरफ्तार
करनाल, 29 अगस्त:- जिला पुलिस करनाल द्वारा स्नैचिंग की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा वारदातों में शामिल आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सीआईए-3 करनाल की टीम ने प्रभारी निरीक्षक अजेय सागवान के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए स्नैचिंग की वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों देव गुप्ता पुत्र नीरज गुप्ता, निवासी जगतपुरी, ईस्ट दिल्ली तथा मोहित चौधरी उर्फ सोनू, पुत्र नरेशपाल निवासी महावीर एन्क्लेव, साउथ ईस्ट दिल्ली को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
मामले के संबंध में जानकारी देते हुए अनुसंधान अधिकारी सहायक उप निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि दिनांक 24 अगस्त 2026 को एक महिला द्वारा थाना सेक्टर-32/33 करनाल में शिकायत दी गई थी कि वह सुबह के समय स्कूल जाने के लिए कर्ण विहार ग्रीन बेल्ट के पास स्कूल बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार कुछ अज्ञात युवक पीछे से आए और उसके गले से सोने की चेन झपटकर मौके से फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-32/33 करनाल में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के दौरान सीआईए-3 की टीम ने तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए मामले में पहले आरोपी जतिन पुत्र अनिल कुमार, निवासी त्रिलोकपुरी, ईस्ट दिल्ली को गिरफ्तार किया था।
पुलिस द्वारा आरोपी जतिन से गहनता से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उक्त स्नैचिंग की वारदात में उसके साथ देव गुप्ता व तथा मोहित चौधरी उर्फ सोनू भी शामिल थे। आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर सीआईए-3 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को काबू कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान वारदात में उनकी भूमिका, तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी। मामले में यदि अन्य व्यक्ति भी संलिप्त पाए जाते हैं तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
