दुपहिया वाहन चोर गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार 7 चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद
करनाल, 05 जुलाई- जिला पुलिस करनाल की सीआईए असंध टीम ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सात चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
सीआईए असंध के इंचार्ज निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में तथा मुख्य सिपाही राजेंद्र कुमार की अध्यक्षता में की गई कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय कुमार पुत्र महेंद्र सिंह निवासी गांव राडा, थाना असंध तथा सौरभ पुत्र बिजेंद्र निवासी गांव सालवन, थाना असंध के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना असंध में वाहन चोरी का मामला दर्ज है।
पुलिस को मिली विश्वसनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पहले आरोपी अजय कुमार को थाना असंध के क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसे न्यायालय में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान गहन पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी सौरभ की संलिप्तता का खुलासा किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गांव सालवन से गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर सात चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की गईं। आज दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जिला पुलिस करनाल ने बताया कि वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
