जमीन की लड़ाई में 2 की मौत छह आरोपी सलाखों के पीछे

करनाल, 27 मार्च- जिला पुलिस करनाल के थाना घरौंडा के प्रबंधक निरीक्षक इंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जमीनी विवाद को लेकर हुई लड़ाई-झगड़े में दो व्यक्तियों की हत्या करने के मामले में दोनों पक्षों के छह आरोपियों को काबू करने में सफलता हासिल की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेहताब पुत्र लियाकत, कामिल पुत्र लीला, सद्दाम पुत्र सबीरा, अफसर पुत्र सबीरा, गयूर पुत्र यामीन तथा वाजिद पुत्र याहिद निवासी गांव मुंडोगढ़ी, थाना घरौंडा, जिला करनाल के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि वीरवार दोपहर के समय गांव मुंडोगढ़ी में दो पक्षों के बीच जमीनी विवाद को लेकर खेत में आपसी कहासुनी के बाद झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान दोनों पक्षों द्वारा लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों व अवैध हथियार से हमला किया गया, जिसमें दोनों पक्षों के दो व्यक्तियों की मृत्यु हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से लड़ाई-झगड़े में प्रयोग किए गए सात ट्रैक्टर, एक मोटरसाइकिल, एक जिंदा राउंड, गड़ासी व अन्य सामान बरामद किया गया।
दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर थाना घरौंडा में अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस द्वारा गिरफ्तार सभी आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड लिया गया। दौराने रिमांड आरोपियों से गहन पूछताछ कर मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की जांच के लिए अग्रिम अनुसंधान जारी है।