हरोली में मारपीट के दो मामले दर्ज दोनों पक्षों ने एकदूसरे पर लगाए आरोप

हरोली/ऊना, 9 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा):- पुलिस थाना हरोली के अंतर्गत 8 अप्रैल 2026 को मारपीट के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पहले मामले में अखिलेश निवासी मोहल्ला भौरा साहिब, आनंदपुर साहिब (पंजाब) ने शिकायत दर्ज करवाई कि 8 अप्रैल को दिन के समय वह लालूवाल स्थित अपनी बुक शॉप पर मौजूद था। इसी दौरान राम सिंह निवासी दुलैहड़ दुकान के अंदर आया और उसके साथ मारपीट की। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने उसकी जेब से 10,800 रुपये भी छीन लिए और दुकान को नुकसान पहुंचाया।
वहीं, दूसरे पक्ष के रूप में राम सिंह निवासी दुलैहड़, तहसील हरोली, जिला ऊना ने अपनी शिकायत में बताया कि वह 8 अप्रैल को लालूवाल स्थित विनायक बुक्स में किताबें लेने गया था। इस दौरान दुकानदार द्वारा बिल से अधिक राशि वसूलने को लेकर बहस हो गई। आरोप है कि दुकानदार ने उसका रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट की।
इस संबंध में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।