120 ट्रामाडोल कैप्सूल सहित दो आरोपी गिरफ्तार
करनाल, 29 नवंबर: विगत शाम जिला पुलिस की अपराध अन्वेषण शाखा असंध की टीम ने राहटक रोड बाईपास, असंध पर गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए राहुल पुत्र अमृतनाथ तथा अजमेर पुत्र जिला राम, दोनों निवासी गांव खंडा खेड़ी, असंध को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 37.92 ग्राम नशीले ट्रामाडोल के 120 कैप्सूल बरामद किए गए।
**नशीले कैप्सूल यूपी से लाकर करते थे सप्लाई
अनुसंधान अधिकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी यह नशीला पदार्थ पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से खरीदकर आगे बेचने के उद्देश्य से असंध क्षेत्र में ला रहे थे। पुलिस टीम द्वारा दोनों आरोपियों को मौके पर ही काबू कर लिया गया।
**एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
बरामदगी के बाद दोनों के विरुद्ध धारा 21(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना असंध में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है, ताकि नशा तस्करी की इस चैन से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान कर कार्रवाई की जा सके।
