ट्रक लूट का झूठा मुकदमा दर्ज कराने वाला ट्रक मालिक करनाल पुलिस ने किया गिरफ्तार
करनाल, 06 जनवरी:- जिला पुलिस करनाल की अपराध अन्वेषण शाखा-1ने ट्रक लूट की झूठी सूचना देकर थाना इंद्री में मुकदमा दर्ज कराने वाले एक ट्रक मालिक को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
अपराध अन्वेषण शाखा-1 इंचार्ज निरीक्षक संदीप कुमार के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक मदन कुमार की अध्यक्षता में गठित टीम ने त्वरित व प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहम्मद मतलूब उर्फ पप्पू पुत्र रशीद अहमद, निवासी विजयनगर कॉलोनी, जगाधरी, जिला यमुनानगर को विश्वसनीय साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच व पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ने करीब 9/10 माह पूर्व एक पुराना 22 टायरी ट्रक लगभग 18 लाख रुपये में खरीदा था, जिस पर फाइनेंस लिया गया था। ट्रक की मासिक किस्त करीब 50 हजार रुपये निर्धारित थी,जिसे आरोपी समय पर अदा नहीं कर पा रहा था। आर्थिक तंगी के चलते आरोपी ने उक्त ट्रक को एक अन्य व्यक्ति को बेच दिया।
लोन की राशि से बचने के उद्देश्य से आरोपी ने ट्रक लूट की झूठी कहानी गढ़कर थाना इंद्री में ट्रक लूट का फर्जी मुकदमा दर्ज करवा दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआई 1 टीम द्वारा गहन जांच की गई ।
आरोपी को आज माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसका दो दिन का पुलिस रिमांड मंजूर किया गया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जाएगी।
