ट्रक चालकों व पदाधिकारियों को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
हांसी:–पुलिस अधीक्षक हांसी अमित यशवर्धन के दिशा-निर्देशानुसार उप पुलिस अधीक्षक हांसी रविन्द्र सांगवान एवं ट्रैफिक एसएचओ इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने आज ट्रक यूनियन हांसी का दौरा कर यूनियन के पदाधिकारियों और ट्रक चालकों के साथ बैठक की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने ट्रक चालकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय केवल और केवल यातायात नियमों का पालन है। यदि चालक समय पर गति नियंत्रित रखें, शराब या नशे की हालत में वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें और वाहन के सभी दस्तावेज पूरे रखें तो दुर्घटनाओं की संभावना काफी हद तक कम हो जाती है।
उप पुलिस अधीक्षक ने ट्रक चालकों को बताया कि ओवरलोडिंग न केवल कानूनी अपराध है, बल्कि यह वाहन की ब्रेकिंग सिस्टम और संतुलन पर भी बुरा प्रभाव डालती है, जिससे सड़क हादसों की संभावना बढ़ जाती है। इसी तरह गलत दिशा में वाहन चलाना, ओवरटेकिंग में लापरवाही करना और निर्धारित स्थानों पर पार्किंग न करना भी दुर्घटनाओं का बड़ा कारण है।
ट्रैफिक एसएचओ इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने मौके पर मौजूद ट्रक चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के नियमित प्रयोग, वाहन की सर्विसिंग, टायर की जांच और रात को रिफ्लेक्टर लगाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस समय-समय पर ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी ताकि चालक सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बने रहें।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने ट्रक यूनियन के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया और सभी चालकों को शपथ दिलाई कि वे आगे से हमेशा यातायात नियमों का पालन करेंगे और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देंगे।
