बारिश के मौसम में सुरक्षित सफर करें यातायात नियमों का पालन करें पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार
हांसी:– मानसून के दौरान सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती संभावना को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार ने जिलेवासियों से यातायात नियमों का पालन करने तथा बारिश के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान सड़कें फिसलन भरी हो जाती हैं, दृश्यता कम हो जाती है और छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए प्रत्येक वाहन चालक का कर्तव्य है कि वह स्वयं भी सुरक्षित रहे और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखे।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बारिश के दौरान तेज रफ्तार से वाहन चलाना, जल्दबाजी में ओवरटेक करना, अचानक ब्रेक लगाना और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करना दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनता है। वाहन हमेशा नियंत्रित गति से चलाएं तथा आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित तरीके से वाहन रोका जा सके।
उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों एवं सभी सवारियों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। बारिश के दौरान वाहन चलाते समय हेडलाइट ऑन रखें, इंडिकेटर का सही उपयोग करें और वाइपर सही स्थिति में रखें, ताकि कम दृश्यता में भी वाहन सुरक्षित रूप से चलाया जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जलभराव वाले रास्तों से गुजरने से बचें। यदि ऐसे रास्ते से निकलना जरूरी हो तो पहले पानी की गहराई का अनुमान लगा लें, क्योंकि पानी में गड्ढे, खुले मैनहोल या अन्य बाधाएं हो सकती हैं। तेज बहाव वाले पानी में वाहन निकालने का प्रयास बिल्कुल न करें।
उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, शराब या किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन कर वाहन न चलाएं तथा ट्रैफिक सिग्नलों और पुलिस कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। बारिश के दौरान सड़क पर पैदल चलने वालों, बुजुर्गों, बच्चों और साइकिल चालकों का विशेष ध्यान रखें तथा उन्हें सुरक्षित निकलने का अवसर दें।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि यात्रा पर निकलने से पहले वाहन के ब्रेक, टायर, हेडलाइट, इंडिकेटर, वाइपर और अन्य आवश्यक उपकरणों की जांच अवश्य कर लें। यदि मौसम अत्यधिक खराब हो और दृश्यता बहुत कम हो जाए तो सुरक्षित स्थान पर रुककर मौसम सामान्य होने का इंतजार करें। अनावश्यक यात्रा से बचें।
