भदसाली क्षेत्र में बस से नीचे उतरते समय पेश आया दर्दनाक हादसा व्यक्ति की मौत
हरोली/ऊना, 8 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा):- भदसाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में चलती बस से उतरते समय करीब 55 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, करीब सुबह 11 बजे एक निजी दोआबा बस होशियारपुर से ऊना की ओर पंडोगा-भदसाली मार्ग से आ रही थी, जो तेज गति में थी।
बताया जा रहा है कि भदसाली में भीष्म सिंह (पुत्र चौकस राम), जो होशियारपुर में मिठाई बनाने का कार्य करता था, बस से उतरने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान कंडक्टर द्वारा सीटी बजाने पर वह उतरने लगा, लेकिन चालक ने बस आगे बढ़ा दी, जिससे वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद कंडक्टर घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल लेकर गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हरोली पुलिस ने एक प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर, शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। संबंधित बस का नंबर PB-07 AF-5299 बताया गया है।
बस चालक की पहचान रंजीत सिंह (पुत्र कर्म सिंह), निवासी गांव मिर्जापुर, तहसील व जिला होशियारपुर (पंजाब) के रूप में हुई है, जबकि कंडक्टर दीपक कुमार (पुत्र सोढ़ी राम), निवासी गांव मोतिया, डाकघर बाड़ेयाकला, तहसील गढ़शंकर, जिला होशियारपुर (पंजाब) बताया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
