समय प्रबंधन और सकारात्मक दृष्टिकोण अत्यंत महत्वपूर्णडॉ मोहिन्द्र कुमार

रतिया, 21फ़रवरी:- शहीद दविन्द्र सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय, रतिया में रोजगार प्रकोष्ठ द्वारा छात्राओं के करियर उन्नयन के उद्देश्य से दो सत्रों में विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “इंटरव्यू को नियंत्रित करना सीखें” तथा “प्रभावी परिचय” रहा। दोनों सत्र के मुख्य वक्ता डॉ. मोहिन्द्र कुमार, सहायक प्राध्यापक, अंग्रेजी सीएमजी राजकीय महिला महाविद्यालय भोड़िया खेड़ा रहे।
प्रथम सत्र में डॉ. मोहिन्द्र कुमार ने साक्षात्कार की पूरी प्रक्रिया को चरणबद्ध ढंग से समझाया। उन्होंने बताया कि इंटरव्यू में आत्मविश्वास, विषय-ज्ञान, बॉडी लैंग्वेज, समय प्रबंधन और सकारात्मक दृष्टिकोण अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने सामान्य पूछे जाने वाले प्रश्नों के उत्तर देने की रणनीति, तनाव प्रबंधन तथा पैनल इंटरव्यू में संतुलित संवाद के व्यावहारिक उपाय भी साझा किए। छात्राओं को वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से यह समझाया गया कि कैसे साक्षात्कार के दौरान अपनी क्षमताओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सकता है।
द्वितीय सत्र “प्रभावी परिचय” में वक्ता ने आत्म-परिचय को करियर की पहली सीढ़ी बताते हुए कहा कि संक्षिप्त, स्पष्ट और उद्देश्यपूर्ण परिचय चयनकर्ता पर सकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने शैक्षणिक पृष्ठभूमि, कौशल, उपलब्धियों और करियर लक्ष्य को जोड़कर प्रभावी परिचय देने की तकनीक समझाई। मॉक गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं ने अपना परिचय प्रस्तुत किया, जिस पर वक्ता ने उपयोगी सुझाव दिए।
 महाविद्यालय जन सम्पर्क अधिकारी प्रो. सुरेन्द्र शर्मा ने  बताया कि महाविद्यालय प्राचार्य परमजीत संधा ने अपने संबोधन में रोजगार प्रकोष्ठ की सक्रिय भूमिका की सराहना की और कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य छात्राओं को केवल शैक्षणिक ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक रूप से भी सशक्त बनाना है। रोजगार प्रकोष्ठ प्रभारी प्रो. जसबीर ने भविष्य में भी ऐसे कौशल-आधारित कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र हुआ, जिसमें विशेष रूप से छात्राओं साक्षी, पवनदीप, सिमरण, निशा, रोशनी और अन्य छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। व्याख्यानों से छात्राओं को इंटरव्यू कौशल और प्रभावी संप्रेषण के व्यावहारिक पहलुओं की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई, जो उनके उज्ज्वल करियर निर्माण में सहायक सिद्ध होगी। इस अवसर पर प्रो अश्विनी रंजन, डॉ सैन कुमार एवं छात्राएँ उपस्थित रही।