सफाई कर्मियों के लिए तीन दिवसीय स्वास्थ्य जांच शिविर आज से

करनाल, 3 फरवरी:- हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग की ओर से इस जिला के सफाई कर्मचारियों के लिए जिला स्तरीय स्वास्थ्य जांच शिविर  सेक्टर-16 के पोलिक्लिनिक में चार से छह फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। शिविर का समय सुबह 9 से दोपहर बाद तीन बजे तक रहेगा।
 उपायुक्त उत्तम सिंह ने शिविर को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों के सफाई कर्मचारियों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वे ग्रामीण क्षेत्र के सफाई कर्मचारियों को शिविर में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें शिविर के बारे में सूचना देना सुनिश्चित करेंगे। 
शिविर में भाग लेने वाले सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति भी निर्धारित प्रपत्र में दर्ज की जाएगी। शहरी क्षेत्र के सफाई कर्मचारियों के लिए उप निगम आयुक्त को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उन्हें कार्यक्रम स्थल पर मोबाइल टॉयलेट व सफाई की उचित व्यवस्था करने के आदेश दिए गए हैं। एसएमओ डा. नीरू ने बताया कि शिविर में सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
 उन्होंने बताया कि शिविर स्थल पर 9 काउंटर स्थापित किए जाएंगे। जनरल ओपीडी के लिए उनके अलावा 6 अन्य डॉक्टरों की टीम मौजूद रहेगी। दवा वितरण के लिए दो फार्मासिस्ट तैनात रहेंगे।  बलगम, ब्लड शुगर आदि की जांच के लिए व्यवस्था की गई है। वेन में एक्सरे की सुविधा भी रहेगी।
उपायुक्त उत्तम सिंह ने सभी सफाई कर्मचारियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर अपना स्वास्थ्य जांच करवाएं। सफाई कर्मचारी समाज की स्वच्छता के लिए अथक प्रयास करते हैं, उनका स्वास्थ्य सुनिश्चित करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।