दुपहिया वाहन चोरी के तीन मामलों का खुलासा तीन आरोपी गिरफ्तार चोरीशुदा तीन मोटरसाइकिल बरामद

करनाल, 17 जुलाई:- जिला पुलिस करनाल द्वारा वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी ऑटो व्हीकल थेफ्ट टीम एवं पुलिस चौकी सेक्टर-13 की टीम ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दुपहिया वाहन चोरी के तीन मामलों का सफल खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
पहले दो मामलों में एंटी ऑटो व्हीकल थेफ्ट टीम इंचार्ज निरीक्षक सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक दलीप सिंह की अध्यक्षता में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं तीसरे मामले में थाना सिविल लाइन के अंतर्गत पुलिस चौकी सेक्टर-13 इंचार्ज उप निरीक्षक जसविंदर कौर के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरपनदीप पुत्र हरपाल सिंह निवासी खालसा कॉलोनी, गुरुद्वारा के पास, मुनक, जिला करनाल, अमन पुत्र प्रमोद निवासी गली नं. 3, मंगल कॉलोनी, करनाल, थाना सेक्टर-32/33 तथा सतीश कुमार पुत्र बलबीर सिंह निवासी वार्ड नं. 6, डीएवी स्कूल के पास, नीलोखेड़ी, जिला करनाल के रूप में हुई है।
 पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर तीन चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद कर विधिक प्रक्रिया के तहत कब्जे में ली गईं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी जल्दी पैसा कमाने, नशे की लत पूरी करने तथा अपने शौक पूरे करने के लिए वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
दोनों टीमों द्वारा तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला जेल करनाल भेज दिया गया।