तीन व्यावसायिक इमारतों में लगी भीषण आग, एक रिहायशी मकान जलकर राख
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में टाक मस्जिद में मंगलवार तड़के भीषण आग लग गई, जिसमें तीन व्यावसायिक इमारतें और एक आवासीय मकान नष्ट हो गया। अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा अधिकारियों ने बताया कि आग सुबह करीब 3:50 बजे टाक मस्जिद क्षेत्र में स्थित एक व्यावसायिक इमारत में लगी। कुछ ही देर में आग अन्य इमारतों तक फैल गई। इस घटना में तीन व्यावसायिक इमारतें और एक आवासीय मकान जलकर राख हो गए।
इन इमारतों में बनी विभिन्न प्रकार की 20 दुकानें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। आग की सूचना मिलते ही शोपियां से कई दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। बाद में किरम राजपोरा और पुलवामा मुख्यालय से अतिरिक्त दमकल गाड़ियां भी भेजी गईं। आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत की। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
