बेटा तो बस नाच रहा थामाँ की चीख ने सबको रुला दिया

करनाल, 24अक्टूबर: करनाल जिले के ढाकवाला गुजरान गांव में उस वक्त खुशी का माहौल मातम में बदल गया जब एक शादी समारोह के दौरान 18 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि युवक डीजे पर नाच रहा था, तभी कुछ लोगों ने उसे जबरदस्ती मंच से नीचे खींचा और उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृतक के परिजनों ने बताया कि उनके बेटे का किसी से कोई झगड़ा या रंजिश नहीं थी। वह सिर्फ शादी में शामिल होकर डीजे पर नाच रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उसे बुलाकर चाकू से वार कर दिया। परिजनों ने गांव के ही कुछ युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। जांच अधिकारी तरसेम सिंह ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आरोपितों के नाम भी सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

**गांव में शोक और दहशत का माहौल:
घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है। शादी की खुशियां देखते ही देखते गम में बदल गईं। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की वारदात ने गांव की शांति भंग कर दी है और वे न्याय की मांग कर रहे हैं।