पंजाब की मिट्टी फिर मुस्कराएगी संगत की सेवा रंग लाएगी
करनाल, 22 अक्टूबर: पंथ रत्न सचखंड वासी बाबा हरबंस सिंह जी कार सेवा दिल्ली द्वारा, बाबा बचन सिंह, बाबा महिंदर सिंह, बाबा सुखा सिंह और बाबा सुरिंदर सिंह की देखरेख में संगत के सहयोग से पंजाब के किसानों की सहायता हेतु एक सराहनीय पहल की गई है।
इस सेवा के अंतर्गत पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 3000 एकड़ भूमि को गोद लेकर वहाँ गेहूं की फसल की बिजाई के लिए खाद और बीज उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज डेरा कार सेवा करनाल से खाद और बीज से भरे तीन ट्राले पंजाब के बॉर्डर क्षेत्रों के लिए रवाना किए गए।
इस अवसर पर बाबा सुखा सिंह ने बताया कि आज ही गुरुद्वारा डेरा कार सेवा नानकपुरी टांडा से आठ ट्राले, कटाना साहिब से तीन ट्राले और कार सेवा नाभा से एक ट्राला खाद व बीज लेकर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि यह सेवा निरंतर जारी रहेगी, ताकि बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित पंजाब की किसानी को दोबारा पटरी पर लाया जा सके।
इस पवित्र सेवा में बाबा बचन सिंह, बाबा महिंदर सिंह, बाबा सुखा सिंह और बाबा सुरिंदर सिंह (कार सेवा दिल्ली) का विशेष योगदान रहा। करनाल से ट्राले रवाना करते समय शिरोमणि गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रधान गुरतेज सिंह खालसा, गुरु नानक सेवक जत्थे से रतन सिंह, डेरा कार सेवा से गुरसेवक सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
