जिस नौसेना अधिकारी पर हमला हुआ था उसकी एक सप्ताह पहले ही शादी हुई थी।

करनाल (हरियाणा), 23 अप्रैल - गुरुग्राम की हिमांशी को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि हाथों में मेहंदी लगने से पहले ही उसके सिर से पति का साया उठ जाएगा और उसकी शादी के खुशनुमा दिन एक भयावह घटना में बदल जाएंगे। हरियाणा के नवविवाहित जोड़े विनय नरवाल (26) और हिमांशी अपनी शादी के बाद जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में घूमने गए थे, तभी मंगलवार दोपहर आतंकवादी हमला हुआ।
करनाल के सेक्टर 7 निवासी लेफ्टिनेंट नरवाल कोच्चि में तैनात थे और हाल ही में उनकी शादी गुरुग्राम की हिमांशी से 16 अप्रैल को हुई थी और रिसेप्शन 19 अप्रैल को हुआ था। यह जोड़ा अपने जीवन की नई शुरुआत का जश्न मनाने के लिए कश्मीर गया था।
एक पड़ोसी ने भारी मन से बताया कि जब नरवाल की गोली मारकर हत्या की खबर घर पहुंची तो परिवार के सदस्य अभी भी पड़ोसियों को शादी की मिठाइयां बांट रहे थे और खुशियां मना रहे थे। उन्होंने कहा, "हर कोई बहुत खुश था और हम अगले महीने 'मातृ जागरण' आयोजित करने की योजना बना रहे थे, लेकिन अब सारे सपने टूट गए हैं।"
जैसे ही यह हृदय विदारक समाचार फैला, करनाल में शोक छा गया। उनके पिता तुरंत पहलगाम के लिए रवाना हो गए, जबकि लोग श्रद्धांजलि देने के लिए उनके निवास पर उमड़ रहे हैं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉल के जरिए विनय के दादा से बात की और परिवार को आश्वासन दिया कि दुख की इस घड़ी में पूरा राज्य उनके साथ खड़ा है। सैनी ने कहा, ‘‘हमले के पीछे जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त और ठोस कार्रवाई की जाएगी।’’ विधानसभा अध्यक्ष कल्याण ने कहा, ‘‘हमने एक बहादुर सैनिक, एक माटी का सपूत और एक अच्छा इंसान खो दिया है।’’