सिविल सर्जन ने आपात स्थिति से निपटने के प्रबंधों की समीक्षा की

होशियारपुर- सरकार के निर्देशानुसार आपात स्थिति को ध्यान में रखते हुए सिविल सर्जन होशियारपुर डॉ. पवन कुमार शगोत्रा ने एसडीएच दसूहा और एसडीएच मुकेरियां स्वास्थ्य संस्थानों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल में ब्लड बैंक, इमरजेंसी वार्ड और ओटी तथा विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया और संबंधित स्टाफ को आवश्यक निर्देश जारी किए।
 उन्होंने आपात स्थिति को ध्यान में रखते हुए स्टाफ को आपातकालीन तैयारियों के लिए अस्पतालों में उचित प्रबंध सुनिश्चित करने, आपातकालीन सेवाओं के लिए ऑपरेशन थियेटर को चालू हालत में रखने, दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने, जिले के ब्लड बैंकों में रक्त की पूरी आपूर्ति रखने के निर्देश दिए। 
इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी, ओपीडी, जच्चा-बच्चा विभाग, फार्मेसी आदि में मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की भी समीक्षा की। इस अवसर पर बोलते हुए डॉ. पवन कुमार ने कहा कि जिले के 16 सरकारी और 70 निजी अस्पतालों के साथ तालमेल करके तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 
जहां कुल करीब 2500 बेड उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि हमारे पास 22 सरकारी और 21 प्राइवेट एंबुलेंस हैं जो हर सुविधा से लैस हैं। इसी तरह जिले के सभी ब्लड बैंकों में हर ग्रुप का खून उपलब्ध है और रक्तदाताओं की सूची भी उपलब्ध है। 
उन्होंने बताया कि आपातकालीन स्थिति में विभाग ने करीब 10 हजार मरीजों को संभालने का प्रबंध किया है। स्वास्थ्य विभाग ने जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया है जिसका नंबर 01882-252170 और 94653-97180 है जो 24 घंटे ड्यूटी पर रहेगा। कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी सहायक सिविल सर्जन डॉ. डीपी सिंह, जिला महामारी विशेषज्ञ डॉ. जगदीप सिंह होंगे।