जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला, 12 पर्यटक घायल

श्रीनगर, 22 अप्रैल - जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकवादी हमले में कम से कम 12 पर्यटक घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस अधिकारियों ने दी है।
यह हमला घास वाले बसरान में हुआ, जो पर्यटकों का पसंदीदा स्थान है, जहां केवल पैदल या घोड़े से ही पहुंचा जा सकता है। सुबह-सुबह पर्यटकों का एक समूह वहां घूमने गया था।
एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, अज्ञात बंदूकधारियों ने पर्यटकों पर नजदीक से गोलियां चलाईं, जिसमें कई लोग घायल हो गए। हमले में बाल-बाल बची एक महिला ने फोन पर पीटीआई-भाषा को बताया, "मेरे पति के सिर में गोली लगी है, जबकि हमले में सात अन्य लोग भी घायल हुए हैं।" महिला ने अपना परिचय नहीं दिया, लेकिन घायलों को अस्पताल ले जाने में मदद का अनुरोध किया।
अधिकारियों ने बताया कि घायलों को निकालने के लिए एक हेलीकॉप्टर को लगाया गया है और कुछ घायलों को स्थानीय लोगों ने अपने घोड़ों पर बिठाकर घास के मैदानों से नीचे पहुंचाया।
पहलगाम अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया कि 12 घायल पर्यटकों को वहां भर्ती कराया गया है और सभी की हालत स्थिर है। इससे पहले एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यहां बताया कि गोलियों की आवाज सुनने के बाद सुरक्षा बल पहलगाम के बसरन मैदान पहुंचे।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब वर्षों तक आतंकवाद से पीड़ित रहने के बाद कश्मीर में पर्यटकों की संख्या में भारी वृद्धि देखी जा रही है। इसके अलावा 38 दिवसीय अमरनाथ यात्रा भी 3 जुलाई से शुरू होने वाली है। देश भर से लाखों तीर्थयात्री दो मार्गों से गुफा मंदिर की यात्रा करते हैं - दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबा पहलगाम मार्ग और गंदेरबल जिले में 14 किलोमीटर लंबा लेकिन खड़ी चढ़ाई वाला बालटाल मार्ग।