टाहलीवाल पुलिस ने चोरी के दो मामलों में तीन आरोपी दबोचे
हरोली/ऊना, 20 मार्च (राजवीर चोपड़ा): जिला ऊना के अंतर्गत पुलिस थाना टाहलीवाल ने दो अलग-अलग चोरी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
पहला मामला 14 मार्च 2026 का है, जब ओमकार सिंह निवासी टाहलीवाल ने शिकायत दर्ज करवाई कि उनकी दुकान से कोल्ड ड्रिंक चोरी कर ली गई। इस संबंध में पुलिस ने मुकदमा संख्या 21/26, धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
दूसरा मामला 19 मार्च 2026 का है, जिसमें अभिषेक शांडिल्य निवासी कलेहड़ा (तहसील हरोली) ने शिकायत दी कि अज्ञात व्यक्तियों ने रात के समय उनकी दुकान का दरवाजा तोड़कर लगभग 90 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया। इस पर मुकदमा संख्या 22/26, धारा 331(4), 305, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने दोनों मामलों की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीन आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कुलविंद्र सिंह कौशल (32), करणवीर (24) और हरजिंद्र कुमार (30) निवासी गढ़शंकर, जिला होशियारपुर (पंजाब) शामिल हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को 20 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें 21 मार्च को अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से पुलिस रिमांड लेकर गहन पूछताछ की जाएगी और चोरी किए गए सामान की बरामदगी के प्रयास किए जाएंगे।
पुलिस के अनुसार, मामले की आगे की जांच जारी है।
