मिलिट्री इलाके में संदिग्ध ऑल्टो कार खड़ी मिली पुलिस जांच में जुटी
अंबाला, 3 फरवरी:- मंगलवार को अंबाला कैंट के मिलिट्री इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब आकाश गंगा बैंक्वेट हॉल के पास मिलिट्री क्वार्टर के बाहर दिल्ली नंबर की एक संदिग्ध ऑल्टो कार खड़ी मिली। दिल्ली नंबर DL-8CAW-5431 वाली यह सफेद कार 2 फरवरी की रात से मुख्य सड़क पर खड़ी थी। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस, सेना और जांच एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। कार की अच्छी तरह जांच करने पर पता चला कि उसका पेट्रोल खत्म हो गया था।
रेजिमेंटल रेजिडेंट पुलिस चौकी के इंचार्ज सुखबीर ने बताया कि उनकी शुरुआती जांच में कार गन्नौर के रहने वाले कमल वर्मा के नाम पर रजिस्टर्ड है। कार के मालिक ने पूछताछ में बताया कि उसका एक दोस्त 2 फरवरी को एयरफोर्स में मेडिकल करवाने अंबाला आया था और फ्यूल खत्म होने के बाद कार वहीं छोड़कर चला गया। मंगलवार को उसका मेडिकल एयरफोर्स हेडक्वार्टर में चल रहा है।
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और मामले की तह तक जाने के लिए एयरफोर्स रिक्रूटमेंट हेडक्वार्टर से भी संपर्क कर रही है ताकि पता चल सके कि कोई व्यक्ति मेडिकल जांच में शामिल हुआ था या नहीं। मिलिट्री जांच एजेंसियों ने भी अपनी जांच शुरू कर दी है।
