पुलिस अधीक्षक हांसी ने HPCL डाटा का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायज़ा
हिसार:– पुलिस अधीक्षक हांसी अमित यशवर्धन ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) डाटा प्लांट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का गहनता से निरीक्षण कर समुचित दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मुख्य प्रवेश द्वार, निगरानी प्रणाली (CCTV), अग्निशमन उपकरणों तथा कर्मचारियों की सतर्कता व्यवस्था की जांच की। उन्होंने वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों से भी संवाद कर सुरक्षा मानकों की पालना की स्थिति की जानकारी ली।
पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन ने HPCL प्रबंधन को सुरक्षा में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतने की हिदायत दी तथा कहा कि ऐसे महत्वपूर्ण औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस विभाग की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
पुलिस अधीक्षक हांसी ने HPCL प्लांट के परिसर में अमरूद का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, थाना प्रबंधक सदर हांसी सुमेर, प्रवाचक पुलिस अधीक्षक शिव कुमार, एसआईएस राजेश व HPCL प्लांट डाटा के डीजीएम डी.एन. मीणा, और सुरक्षा कर्मी उपस्थित रहे।
