संतोखगढ़ में समर मेले का आयोजन 45 से अधिक बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

संतोखगढ़/ऊना, 23 जून (राजवीर चोपड़ा):- हरोली सर्किल के अंतर्गत वार्ड नंबर-2, संतोखगढ़ में आंगनवाड़ी केंद्र संख्या 1, 2, 4, 5 एवं 8 (केंद्र 1 एवं 2 संयुक्त) की ओर से समर मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 45 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की प्रमुख संचालक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अंबिका शर्मा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस समर मेले का उद्देश्य बच्चों के मानसिक, शारीरिक एवं सामाजिक विकास को बढ़ावा देना है। मेले के दौरान बच्चों को कला, खेल, नृत्य तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ते हुए उनके संज्ञानात्मक विकास संबंधी जानकारी भी दी गई।
उन्होंने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है तथा उनकी छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम में बच्चों के अभिभावकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
समर मेले का मुख्य उद्देश्य पोषण, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता का प्रसार करना रहा। इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उर्मिला देवी, सुलिंदर कौर, आशा देवी तथा अन्य आंगनवाड़ी सहायिकाओं ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया।