प्रेरक व्याख्यान का सफल आयोजन
टाहलीवाल/हरोली, 10 फरवरी (नारायण प्रभाकर):- संत ढांगू वाला गुज्जर राजकीय महाविद्यालय, बीटन में मंगलवार को प्रेरक व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 40 छात्र-छात्राओं के साथ-साथ महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं गैर-शिक्षक वर्ग उपस्थित रहे।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. समीक्षा गुप्ता द्वारा दिया गया यह प्रेरक व्याख्यान विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास निर्माण तथा लक्ष्य निर्धारण पर केंद्रित रहा। उन्होंने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, अनुशासन और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। अपने व्याख्यान में उन्होंने जीवन के व्यावहारिक उदाहरण देते हुए छात्रों को चुनौतियों का सामना दृढ़ता से करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से सहभागिता की और अपने विचार व प्रश्न साझा किए। अंत में सभी उपस्थितजनों ने इस व्याख्यान को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।
