ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा तीन दिवसीय समर कैंप का सफल आयोजन
मोहाली, 14 जून 2026:- ब्रह्माकुमारीज़ सुख शांति भवन, फेज़-7, मोहाली द्वारा 12 से 14 जून 2026 तक तीन दिवसीय समर कैंप का सफल आयोजन किया गया। इस कैंप में 6 से 12 वर्ष एवं 12 से 17 वर्ष आयु वर्ग के कुल 80 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
छोटे बच्चों के लिए "Power of Gratitude", "Good Habits vs Bad Habits", "Confidence and Exam Fear" तथा "Mood Off to Mood On" जैसे विषयों पर रोचक एवं प्रेरणादायक सत्र आयोजित किए गए। बच्चों ने माता-पिता एवं परमात्मा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए थैंक यू कार्ड भी तैयार किए।
बड़े बच्चों के लिए "Power of Giving", "Communication Skills", "Magic of Meditation", "Digital Detox" तथा "Power of Good Habits" जैसे विषयों पर सत्र रखे गए। विभिन्न क्विज़, खेल, रचनात्मक गतिविधियों, वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से बच्चों को जीवन में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास एवं जिम्मेदारी के महत्व को समझाया गया।
समापन दिवस पर बच्चों के लिए टैलेंट हंट का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने गायन, नृत्य, कविता, भाषण एवं अन्य कलाओं का प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
इस अवसर पर अभिभावकों के लिए विशेष "पॉजिटिव पैरेंटिंग" सत्र का भी आयोजन किया गया। बीके मीना बहन ने अभिभावकों को बच्चों के साथ सकारात्मक संवाद, प्रेमपूर्ण व्यवहार, धैर्य एवं प्रोत्साहन के महत्व के बारे में बताते हुए सफल एवं संस्कारवान पालन-पोषण के अनेक व्यावहारिक सूत्र साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान बीके रमा दीदी , प्रभारी रूपनगर सेवा केंद्र ने राजयोग मेडिटेशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मेडिटेशन बच्चों एवं अभिभावकों दोनों के लिए मानसिक शांति, एकाग्रता और भावनात्मक संतुलन का प्रभावशाली माध्यम है। उन्होंने सभी को राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास भी करवाया।
यह सम्पूर्ण समर कैंप ब्रह्माकुमारी प्रेम दीदी , प्रभारी मोहाली सर्कल के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से सम्पन्न हुआ।
समापन समारोह में प्रेम दीदी ने टैलेंट हंट एवं विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सौगात देकर कर सम्मानित किया तथा ईश्वरीय प्रसाद देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
अभिभावकों ने इस समर कैंप की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के नैतिक विकास एवं सकारात्मक सोच के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। बच्चों ने भी कैंप को अत्यंत रोचक, ज्ञानवर्धक बताते हुए भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों में पुनः भाग लेने की इच्छा व्यक्त की।
