योग से विद्यार्थी बनेंगे स्वस्थ एकाग्र और सफल राजीव कुमार
हाँसी:- भारत स्वाभिमान न्यास, जिला हाँसी की ओर से राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, हिसार चुंगी में आयोजित प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों को योग, प्राणायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
भारत स्वाभिमान न्यास, जिला हाँसी के जिला प्रभारी राजीव कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नियमित योग, प्राणायाम और ध्यान करने से एकाग्रता, स्मरण शक्ति, आत्मविश्वास तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कमर सीधी रखकर बैठने, प्रतिदिन योगाभ्यास करने और मोबाइल फोन का अनावश्यक उपयोग कम करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भारत वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की संभावित मेजबानी की तैयारी कर रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों के लिए आने वाले लगभग दस वर्ष खेल एवं योग के क्षेत्र में स्वयं को तैयार करने का स्वर्णिम अवसर हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासित जीवनशैली अपनाकर देश का नाम रोशन करने का संकल्प लेने का भी आग्रह किया।
इस अवसर पर पतंजलि योग समिति, जिला हाँसी के कोषाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी जोगेंद्र ग्रोवर भी उपस्थित रहे और उन्होंने भी विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए नियमित योग करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश बड़ाना, उपप्रधानाचार्य संदीप पूनिया, हसला प्रधान सुखबीर बेरवाल, संदीप डी.पी. तथा नरेंद्र यादव का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने और स्वस्थ, अनुशासित एवं सफल जीवन की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया गया।
