राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान प्रशिक्षण संस्थान की छात्राओं ने किया एक्सपोज़र विजिट
हरियाणा/हिसार:- राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान तथा क्वेस्ट एलायंस के संयुक्त तत्वावधान में संस्थान की छात्राओं के लिए गुरुग्राम के मानेसर स्थित मिन्डा वेबपोर्ट लिमिटेड कंपनी का औद्योगिक एक्सपोज़र विजिट आयोजित किया गया। इस विजिट का उद्देश्य छात्राओं को उद्योगों में वास्तविक कार्य वातावरण से परिचित करवाना तथा उनके तकनीकी कौशल को और अधिक सशक्त बनाना रहा।
एक्सपोज़र विजिट के दौरान कंपनी के अनुभवी एवं दक्ष स्टाफ ने छात्राओं को औद्योगिक वातावरण में कार्य करने की वास्तविक प्रक्रियाओं, अनुशासन, सुरक्षा मानकों एवं आधुनिक तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। छात्राओं को कंपनी के प्लांट का भ्रमण करवाया गया, जहां उन्होंने उत्पादन प्रक्रिया को नजदीक से समझा। इसके अतिरिक्त छात्राओं ने ट्रेनिंग ब्रांच तथा एचआर ब्रांच का भी अवलोकन किया, जिससे उन्हें उद्योगों में मानव संसाधन प्रबंधन एवं प्रशिक्षण व्यवस्था की जानकारी प्राप्त हुई।
संस्थान के प्रधानाचार्य भूप सिंह ने बताया कि इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्राओं के तकनीकी कौशल को निखारना तथा उन्हें वास्तविक औद्योगिक कार्यप्रणाली से अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि ऐसे विजिट से छात्राओं का मानसिक विकास होने के साथ-साथ तकनीकी ज्ञान में भी वृद्धि होती है, जो भविष्य में उनके रोजगार के अवसरों को सुदृढ़ करता है।
इस एक्सपोज़र विजिट में संस्थान की अनुभवी स्टाफ संगीता शर्मा, अनुदेशिका विमला, अनुदेशिका रीटा, अजय सेलवाल अनुदेशक तथा सोमबीर (प्लेसमेंट इंचार्ज) ने भी छात्राओं के साथ सहभागिता की और उनका मार्गदर्शन किया।
संस्थान द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण आयोजित करने की योजना है, ताकि छात्राओं को व्यवहारिक ज्ञान के साथ-साथ उद्योगों की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जा सके।
