डॉक्टर्स डे पर करनाल इंटरनेशनल स्कूल में विद्यार्थियों को मिला करियर मार्गदर्शन
करनाल, 1 जुलाई: करनाल इंटरनेशनल स्कूल के सभागार में बुधवार को डॉक्टर्स डे उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन कक्षा 11वीं और 12वीं के उन विद्यार्थियों के लिए किया गया, जो NEET सहित मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन कर्नल अरुण दत्ता तथा निदेशक प्रकाश जोशी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय की मेडिकल इंचार्ज राजविंदर कौर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉक्टर्स डे के महत्व पर प्रकाश डाला और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े डॉक्टरों की सेवा, समर्पण और करुणा की सराहना की।
मेडिकल फैकल्टी सदस्य अभय सैनी ने पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को मेडिकल क्षेत्र में करियर की संभावनाओं तथा NEET की तैयारी की प्रभावी रणनीतियों की जानकारी दी। वहीं गौरव ने विद्यार्थियों को चिकित्सा क्षेत्र में सफल करियर बनाने के लिए प्रेरित करते हुए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। अपने संबोधन में चेयरमैन कर्नल अरुण दत्ता ने कहा कि देश की विशाल आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में डॉक्टरों की भूमिका किसी सच्चे योद्धा से कम नहीं है।
उन्होंने चेचक और पोलियो जैसी बीमारियों के उन्मूलन तथा कोविड-19 महामारी के दौरान डॉक्टरों के योगदान की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से चिकित्सा पेशे में ईमानदारी, सेवा भावना और नैतिक मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
