छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश

करनाल, 15 नवंबर:- राजकीय महिला महाविद्यालय, घरौंडा बसताड़ा में एनएसएस प्रकोष्ठ के तत्वावधान में ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ बड़े उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के सामूहिक गान से हुई। एनएसएस स्वयंसेविकाओं ने मानव श्रृंखला बनाकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। 
कार्यक्रम का संचालन एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर सुश्री पूजा रानी ने किया। उन्होंने वंदे मातरम् के इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन में उसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला, जिससे छात्राओं में देशभक्ति का उत्साह और बढ़ गया। कॉलेज की प्राचार्या श्रीमती कमलेश रानी ने कहा कि वंदे मातरम् केवल गीत नहीं, बल्कि राष्ट्रीय गौरव और एकता का प्रतीक है। 
वरिष्ठ संकाय सदस्य श्रीमती दीपा धुल्ल ने समूहगान का नेतृत्व किया और विद्यार्थियों से संवाद करते हुए इसकी भावनात्मक महत्ता पर प्रकाश डाला। एनएसएस समिति की सदस्याएँ श्रीमती अनुराधा, श्रीमती श्रुति, श्री विक्रम सिंह  तथा सहकर्मी श्री हितेंद्र कुमार, पवन कुमार, श्रीमती अपूर्वा, श्री सतीश कुमार और श्रीमती ममता ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी स्वयंसेविकाओं की उत्साही भागीदारी ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।