बेसिक कंप्यूटर स्किल्स प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को किया सम्मानित
हरोली/ऊना, 23 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- संत ढांगू वाले गुर्जर राजकीय महाविद्यालय, बीटन में बेसिक कंप्यूटर स्किल्स विषय पर आयोजित तीन माह के अल्पकालिक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम को सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह पाठ्यक्रम महाविद्यालय के कैरियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा स्किल डेवलपमेंट सेंटर ऊना के सहयोग से, महाविद्यालय के साथ हस्ताक्षरित एम.ओ.यू. के अंतर्गत आयोजित किया गया था। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में महाविद्यालय की विभिन्न संकायों के कुल 26 विद्यार्थियों ने भाग लिया और सफलतापूर्वक पाठ्यक्रम पूरा किया।
कार्यक्रम के दौरान स्किल डेवलपमेंट सेंटर ऊना से आए अधिकारी श्री योगेश, श्री रॉबिन शर्मा तथा कार्यक्रम समन्वयक श्री रवि चौहान ने नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने और पाठ्यक्रम पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को करियर काउंसलिंग पर महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की।
इस पाठ्यक्रम की देखरेख एवं समन्वय कैरियर काउंसलिंग सेल की ओर से डॉ. ऋचा शर्मा द्वारा किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुमिक्षा गुप्ता ने श्री रवि चौहान को स्मृति-चिह्न एवं प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया तथा पाठ्यक्रम के सफल संचालन के लिए कैरियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल की सराहना की।
प्राचार्या ने पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. ऋचा शर्मा ने मंच संचालक के रूप में किया।
