सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालो के खिलाफ हो कड़ी कार्यवाहीरवि आहूजा

हिसार:– जेजेपी जिला प्रवक्ता व पूर्व प्रत्याशी हिसार विधानसभा रहे रवि आहूजा ने बयान जारी कर कहा समाज के किसी भी वर्ग अथवा समुदाय के लोगों के लिए "पाकिस्तानी", "रिफ्यूजी"
अथवा अन्य अपमानजनक एवं जातिसूचक शब्दों के प्रयोग पर गहरी आपत्ति व्यक्त करते हुए ऐसे कृत्यों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
किसी भी नागरिक को उसकी सामाजिक पृष्ठभूमि अथवा समुदाय के आधार पर अपमानित करने वाले शब्दों से संबोधित करना न केवल असंवैधानिक है, बल्कि सामाजिक सौहार्द एवं राष्ट्रीय एकता के लिए भी घातक है। उन्होंने कहा कि हाल ही में शहर के एक यू-ट्यूबर को धमकी देते हुए इस प्रकार के शब्दों का प्रयोग किया गया, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय है। उन्होंने कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि कुछ असामाजिक एवं असभ्य तत्व समय-समय पर ऐसे शब्दों का प्रयोग कर समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास करते रहते हैं।
रवि आहूजा ने कहा कि पूर्व में प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे तथा वर्तमान में केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री का दायित्व निभा रहे एक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि के लिए भी ऐसे अशोभनीय शब्दों का उपयोग किया जा चुका है। यह लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक मर्यादाओं तथा सभ्य संवाद की परंपरा के पूर्णतः विपरीत है।
उन्होंने कहा कि "रिफ्यूजी" जैसे शब्दों का प्रयोग भी तथ्यात्मक रूप से अनुचित है, क्योंकि अपने ही देश में एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाकर बसने वाले नागरिकों को इस श्रेणी में नहीं रखा जा सकता। देश विभाजन की भीषण त्रासदी झेल चुके करोड़ों लोगों ने अपने परिश्रम, संघर्ष और पुरुषार्थ के बल पर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है तथा
समाज में सम्मानजनक स्थान स्थापित किया है।
 उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार से मांग की कि ऐसे समाज-विरोधी कृत्यों को रोकने के लिए कठोर कानून बनाए जाएं तथा किसी भी व्यक्ति या समुदाय की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले अपमानजनक एवं जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी सजा का प्रावधान किया जाए।