नंगल रेलवे स्टेशन पर आवारा कुत्तों का आतंक यात्रियों में दहशत का माहौल

संतोषगढ़/ऊना, 28 मई (राजवीर चोपड़ा):- नंगल रेलवे स्टेशन पर सुबह के समय आवारा कुत्तों के झुंड घूमते नजर आए, जिससे यात्रियों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया। स्टेशन परिसर में मौजूद ये कुत्ते आने-जाने वाले लोगों पर लगातार भौंकते दिखाई दिए।
विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों का कहना है कि रेलवे स्टेशन जैसे व्यस्त सार्वजनिक स्थान पर आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या चिंता का विषय है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि स्टेशन परिसर में सुरक्षा और साफ-सफाई व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कोई अप्रिय घटना भी हो सकती है।
स्थानीय नागरिकों और यात्रियों ने प्रशासन तथा रेलवे विभाग से मांग की है कि स्टेशन परिसर में आवारा कुत्तों की समस्या का जल्द समाधान किया जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर माहौल मिल सके।